Bauma Conexpo 2026: ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक एडवाइजरी

Bauma Conexpo 2026: ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, एक्सपो मार्ट गोलचक्कर पर लग सकता है डायवर्जन

ग्रेटर नोएडा में 15 से 18 सितंबर 2026 तक चलने वाले Bauma Conexpo India 2026 को लेकर गौतमबुद्ध नगर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय ट्रेड फेयर में रोज़ाना करीब 10,000 लोगों के आने की उम्मीद है, जिससे आस-पास के रास्तों पर भीड़ बढ़ सकती है।

यह आयोजन निर्माण मशीनरी, माइनिंग और कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री का बड़ा मेला है, जो हर दो साल में एक बार होता है।

कहां पड़ सकता है असर

यातायात पुलिस के अनुसार फिलहाल ट्रैफिक सामान्य रूप से चलता रहेगा। लेकिन अगर एक्सपो मार्ट गोलचक्कर पर भीड़ ज़्यादा बढ़ती है, तो इसे अस्थायी तौर पर बंद कर वैकल्पिक मार्ग (डायवर्जन) लागू किया जा सकता है। ऐसे में इस रास्ते से गुज़रने वाले लोगों को थोड़ी परेशानी हो सकती है, इसलिए पहले से तैयारी रखना बेहतर रहेगा।

पार्किंग कहां करें

पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम में आने वाले लोग अपने वाहन नासा (बड़ा गोलचक्कर) पार्किंग में खड़ा कर सकते हैं। एडवाइजरी में यह भी साफ किया गया है कि डायवर्जन के दौरान भी एम्बुलेंस और फायर सर्विस जैसे आपातकालीन वाहनों को बिना रुकावट निकाला जाएगा।

पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और असुविधा से बचें। किसी भी दिक्कत या जानकारी के लिए यातायात हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।

Similar Posts